जिला अस्पताल पुलिस-पीएसी के सुरक्षा घेरे में रहेगा


गाजियाबाद के बाद बिजनौर के जिला अस्पताल में जमातियों द्वारा बदसलूकी का मामला सामने आने के बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल में पुलिस और पीएसी तैनात की गई है। आइसोलेशन और क्वारंटाइन वार्ड की बिल्डिग को सुरक्षा घेरे में लिया गया है। बिना अनुमति के इन वार्डों में कोई नहीं जा पाएगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी ने कहा था कि यदि कोई आइसोलेशन से फरार हुआ तो डीएम-एसपी जिम्मेदार होंगे।


जिला अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड के अलावा क्वारंटाइन वार्ड बनाए गए हैं। दोनों जिला अस्पताल की अलग-अलग बिल्डिग में हैं। इस वक्त 13 जमाती क्वारंटाइन वार्ड में भर्ती हैं। शुक्रवार शाम वार्ड में इंडोनेशिया के जातियों ने कर्मचारियों से बदसलूकी की गई थी। जिलाधिकारी और एसपी ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली थी और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी। इसके बाद जिला अस्पताल में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।


इससे पहले 15 पुलिसकर्मी ही अस्पताल में तैनात थे। अब यह संख्या दुगनी कर दी गई। अस्पताल में तीस पुलिसकर्मियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। वहीं एक प्लाटून पीएसी तैनात की गई है।


सीओ महेश कुमार ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के प्वाइंट चेक किए गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ विभाग के अलावा बिना अनुमति के कोई भी आइसोलेशन वार्ड और क्वारंटाइन वार्ड में नहीं जाएगा। सीएचसी और पीएचसी पर भी पुलिस तैनात करने की व्यवस्था की गई।